जालंधर में युवाओं को रोजगार योग्य बनाने के लिए पंजाब कौशल विकास मिशन (PSDM) द्वारा स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है। इस पहल के तहत उम्मीदवारों को पहले ऑनलाइन ‘वर्क रेडिनेस एप्टीट्यूड प्रेडिक्टर’ (WRAP) टेस्ट देना होगा, जिसके आधार पर चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 21 घंटे की फ्री ऑनलाइन ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें 12 सॉफ्ट स्किल्स और 14 हार्ड स्किल्स शामिल होंगी। प्रशिक्षण में रिसर्च, स्ट्रैटजी, उद्यमिता, मार्केटिंग, सोशल मीडिया मार्केटिंग, बिजनेस ऑपरेशंस, सेल्स, कोडिंग, डिजाइन, फैशन, अकादमिक क्षेत्र और डेटा एनालिटिक्स जैसे विषय शामिल हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराना है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया जाएगा और सफल अभ्यर्थियों को प्राइवेट कंपनियों में प्लेसमेंट सहायता दी जाएगी। इस कार्यक्रम के लिए ग्रेजुएट, पोस्ट-ग्रेजुएट और अंतिम वर्ष के छात्र आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन और टेस्ट पूरी तरह मुफ्त हैं तथा इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो से संपर्क किया जा सकता है।
Source: Source