जालंधर के आदमपुर में बस की चपेट में आने से 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चूहड़वाली निवासी राजन के रूप में हुई है। राजन अपनी बहन को स्कूल छोड़ने आया था। इसी दौरान दो बसों के ओवरटेक करने के दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। राजन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर धरना देकर जाम लगा दिया। परिवार ने बस चालक को गिरफ्तार किए जाने तक धरना जारी रखने की बात कही है। आरोप है कि करतार बस और रोडवेज बस के ओवरटेक के दौरान युवक बस की चपेट में आया। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर कंडक्टर को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार सड़क खराब होने के कारण चालक का नियंत्रण बिगड़ने से हादसा हुआ हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source