जालंधर छावनी क्षेत्र में डीजे संचालक गुरप्रीत सिंह उर्फ नोनी की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। मुख्य आरोपी रवि ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि यह हत्या शराब के नशे में हुआ कोई विवाद नहीं, बल्कि एक पूर्व नियोजित साजिश थी। आरोपी ने बताया कि गाड़ी का शीशा टूटने के बाद हुए अपमान का बदला लेने के लिए उसने अपने तीन दोस्तों—बलजीत सिंह कालू, रविंदर सिंह और राहुल उर्फ संजू—के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। साजिश के तहत नोनी को पार्टी के बहाने डंप पर बुलाया गया, जहाँ उसे पहले प्रताड़ित किया गया और फिर जब वह बेबस हो गया, तो उसके साथियों ने उसे पकड़ लिया और मुख्य आरोपी ने दातर (तेजधार हथियार) से गर्दन पर 4 वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने अब तक मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। इस खौफनाक वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
Source: Source