पंजाब के जालंधर में बाबू जगजीवन चौक पर सरेआम हिंसा का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दवा लेने आए एक युवक पर कुछ लोगों ने घात लगाकर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर पर सीवरेज चैंबर का ढक्कन मारकर गंभीर चोट पहुंचाने की कोशिश की। जब युवक को बचाने उसकी बहन और भाई बीच-बचाव करने आए, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस दौरान युवती के साथ बदसलूकी की गई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए। घटना के दौरान सड़क पर करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चलता रहा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की देरी पर नाराजगी जताई है। घायल युवक को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की पहचान नशे के कारोबार से जुड़े युवकों के रूप में की है। वहीं एक महिला ने आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति को अपने दामाद के रूप में पहचानने का दावा किया है और उस पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने शुरुआती तौर पर नशे के एंगल से इनकार किया है। अधिकारियों ने कहा है कि जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।
Source: Source