छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र की गोरिया चौकी अंतर्गत रनपुर गांव में हुई। अंबिकापुर से कुनकुरी जा रही शमीम यात्री बस ने बस्ती के बीच बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में 36 वर्षीय सुखसागर राम की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ढोण्डराही गांव का निवासी था और ड्राइवर का काम करता था। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे वह किसी काम से मोटरसाइकिल पर रनपुर आ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि सुखसागर को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश शुरू की। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक चक्काजाम जारी था और पुलिस की मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जा रही थी।
Source: Source