छेहर्टा इलाके में बिजली व्यवस्था की परेशानी के बीच शरारती तत्वों ने सात चालू ट्रांसफार्मरों के जीओ स्विच काट दिए। शनिवार रात हुई इस घटना से कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गुरु की वडाली, नारायणगढ़ सरकारी स्कूल के पास और शेरशाह सूरी रोड सहित कई क्षेत्र प्रभावित हुए। नारायणगढ़ चौक और आसपास के इलाकों में भी बिजली गुल रही। करीब दो हजार लोगों को चार से पांच घंटे तक बिना बिजली के परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली बंद होने के बाद लोगों ने नोडल कंप्लेंट सेंटर में शिकायत दर्ज कराई। पावरकॉम कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने पर ट्रांसफार्मरों के जीओ स्विच कटे हुए मिले। कर्मचारियों ने घटना की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी। अधिकारियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से छेड़छाड़ करना कानूनन अपराध है और यह जानलेवा भी हो सकता है। लोड अधिक होने पर चालू ट्रांसफार्मर का स्विच काटने से आरोपी को करंट लगने का खतरा रहता है। पावरकॉम की टीम अब प्रभावित इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सूत्रों के अनुसार बाइक सवार दो युवक ट्रांसफार्मरों के जीओ स्विच काटते हुए कैमरों में कैद हुए हैं। मामले में पुलिस को लिखित शिकायत देने की तैयारी की जा रही है। एसडीओ इंजी. इकबाल सिंह ने टीम को सीसीटीवी फुटेज की जांच के निर्देश दिए हैं।
Source: Source