चंडीगढ़ के सेक्टर-25 में ड्राइविंग लाइसेंस की परीक्षा देने जा रहे युवक की स्विफ्ट कार पलट गई। हादसे में मोहाली के झामपुर निवासी अंकित घायल हो गया। बताया गया कि कार का संतुलन बिगड़ने पर अंकित ने ब्रेक लगाए। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर दो से तीन बार पलटी। कार सड़क के बीच लगी लोहे की रेलिंग से टकराकर रुक गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सेक्टर-11 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। अंकित को सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। अंकित लर्निंग लाइसेंस को स्थायी लाइसेंस में बदलने के लिए ड्राइविंग टेस्ट देने जा रहा था। उसे सेक्टर-23 स्थित चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क पहुंचना था। उसके भाई संजय ने बताया कि हादसे की सूचना परिवार को घर से निकलने के कुछ समय बाद मिली। पुलिस के अनुसार हादसे में किसी राहगीर या दूसरे वाहन सवार को चोट नहीं आई। घटना में केवल कार चला रहा अंकित घायल हुआ।
Source: Source