छत्तीसगढ़ के गौरेला थाना क्षेत्र के रानीझाप गांव में एक डेढ़ साल के बच्चे पार्थ की करंट लगने से मौत हो गई। घटना तब हुई जब वह अपने पिता के साथ जल जीवन मिशन के तहत लगी पानी की टंकी के पास नल पर नहाने गया था। टंकी के लोहे के फ्रेम में करंट आ रहा था, जिसकी चपेट में मासूम आ गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो महीनों से इस फ्रेम में करंट आ रहा था, लेकिन सरपंच और सचिव की लापरवाही के कारण इसे ठीक नहीं कराया गया। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। ग्रामीण अब सरपंच और सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Source: Source