गुरुग्राम की एक हाईराइज सोसाइटी में तीन साल का बच्चा घरेलू सहायिका के साथ लिफ्ट में फंस गया। घटना द्वारका एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर-37डी स्थित रामप्रस्था सिटी के ऐज ब्लॉक में हुई। बच्चा अपनी मेड के साथ लिफ्ट से नीचे जा रहा था। चौथी और पांचवीं मंजिल के बीच पहुंचते ही लिफ्ट अचानक झटके के साथ रुक गई। तेज झटके के कारण बच्चा मेड की गोद से गिरने से बाल-बाल बचा। लिफ्ट में फंसने के बाद बच्चा डरकर रोने लगा। मेड ने तुरंत बच्चे के परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन और सुरक्षा कर्मचारी मौके पर पहुंचे। मेंटेनेंस टीम ने लिफ्ट का दरवाजा खोलकर करीब 15 मिनट बाद बच्चे और मेड को बाहर निकाला। घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों ने लिफ्टों की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठाए। निवासियों ने सभी लिफ्टों की तकनीकी जांच कराने और लापरवाही मिलने पर संबंधित मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
Source: Source