भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर गुरुग्राम जिले की पटौदी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान-2026 शुरू हो गया है। इस अभियान का उद्देश्य व्यापक स्तर पर मतदाता सत्यापन और पंजीकरण सुनिश्चित करना है। एसडीएम दिनेश लुहाच ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा नाम दर्ज करा सकेंगे। 5 से 14 जून तक बीएलओ और राजनीतिक दलों के एजेंटों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म भरवाएंगे, फोटो अपडेट करेंगे और नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध कराएंगे। नागरिक निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। 14 से 26 जून तक सभी मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया जाएगा ताकि किसी बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता न हों। 21 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, और 21 जुलाई से 18 सितंबर तक दावे व आपत्तियाँ ली जाएंगी। वर्तमान में पटौदी विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 59 हजार 696 पंजीकृत मतदाता हैं। एसडीएम ने नागरिकों से बीएलओ को सहयोग करने और अपने नाम व विवरण जांचने की अपील की है।
Source: Source