गुरुग्राम में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। शहर की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। सदर बाजार, राजीव चौक, जैकबपुरा और सेक्टर-4 सहित कई इलाकों में नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी। त्योहार को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। प्रशासन ने नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बकरीद के मौके पर कुर्बानी की परंपरा निभाई गई और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया गया। बाजारों में भी दिनभर रौनक बनी रही और त्योहार का माहौल देखने को मिला।
Source: Source