गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर एक कार सरियों से भरे ट्रक से टकरा गई। हादसा धनकोट राउंड अबाउट के पास हुआ। चंडीगढ़ नंबर की कार दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। ट्रक में लोहे के भारी सरिए लदे हुए थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार दो लोगों को केवल मामूली खरोंचें आईं और वे सुरक्षित बच गए। गनीमत रही कि ट्रक में लदे सरिए कार के शीशे को तोड़कर अंदर बैठे लोगों तक नहीं पहुंचे। सूचना मिलने पर धनकोट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे कराया, जिससे सर्विस लेन पर यातायात प्रभावित न हो। कार सवारों ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी। आपसी सहमति के चलते उन्होंने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों और सरियों से लदे ट्रकों की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। राहगीरों के अनुसार कुछ ट्रकों में पीछे रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं होते, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
Source: Source