पंजाब के गुरदासपुर जिले के वडाला बांगर गांव में शनिवार तड़के लूट की वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बदमाशों ने गांव की पूर्व सरपंच जसबीर कौर काहलों को उनके घर में बंधक बनाकर लूटपाट की। आरोपी महिला के कानों से सोने की बालियां उतारकर ले गए। उन्होंने अलमारी में रखे 25 हजार रुपये नकद भी लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर उखाड़कर अपने साथ ले गए। पीड़िता के अनुसार, उनके बच्चे कनाडा और इटली में रहते हैं, इसलिए वह घर में अकेली रहती हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम को दो व्यक्ति उनके घर आए थे। उन लोगों ने खुद को जेल से आया हुआ बताया और उनके दिवंगत पति के बारे में पूछताछ की थी। शनिवार सुबह करीब छह बजे जब जसबीर कौर पड़ोसियों के घर से लौटकर अपने घर पहुंचीं, तो दोनों संदिग्ध गेट पर मौजूद थे। घर में घुसते ही आरोपियों ने उन्हें बंधक बना लिया और लूटपाट कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर कलानौर थाने के एसएचओ अमनदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए गांव तथा आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Source: Source