रायपुर पुलिस ने गांजा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर रवि साहू तथा उसके परिवार की करीब 7.66 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्तियां सीज कर दी हैं। यह कार्रवाई सफेमा और एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई है। रवि साहू को पहले ही 10 साल कैद और एक लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई जा चुकी है। पुलिस ने अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की जांच की और रवि, उसकी पत्नी शशि साहू, पुत्र और मां के नाम पर कई चल-अचल संपत्तियां मिलीं। रवि के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग थानों में 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने एक महीने तक रिकॉर्ड खंगाले और आयकर विभाग की मदद से आरोपी की आय और खर्च का ब्योरा जुटाया। जांच में सामने आया कि पिछले छह वर्षों में रवि ने 16 प्रॉपर्टी खरीदीं। अधिकांश लेन-देन कैश में किए गए थे। पुलिस ने यह कार्रवाई नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की है। आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
: Source