कोरबा जिले की ग्राम पंचायत बसीबार में सरपंच कंचन बाई और उनके पति पर लाखों रुपये के घोटाले का आरोप लगा है। उपसरपंच देवेंद्र कुमार सहित 12 ग्रामीणों ने पाली एसडीएम को शिकायत सौंपी है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व सरपंच के कार्यकाल में नाली निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपये पहले ही आहरित किए जा चुके थे। इसके बावजूद वर्तमान सरपंच ने उसी नाली के लिए दोबारा 2 लाख रुपये स्वीकृत करा लिए। इस तरह एक ही कार्य के लिए दो बार भुगतान कराना सरकारी धन का दुरुपयोग माना जा रहा है। पीडीएस भवन निर्माण में भी निम्नस्तरीय ईंटों का उपयोग करने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच का पति प्रत्येक राशन कार्डधारी से एक-एक किलो चावल कम देता है। विरोध करने पर पंचायत सचिव पर दबाव बनाकर मनमाने प्रस्ताव पारित कराए जाते हैं। कई निर्माण कार्यों के प्रस्ताव पंचों की सहमति के बिना ही तैयार किए गए। ग्रामीणों ने जांच पूरी होने तक सरपंच और सचिव के वित्तीय अधिकार रोकने की मांग की है। उन्होंने शासकीय धन के आहरण पर तत्काल रोक लगाने का भी आग्रह किया है। शिकायत की एक प्रति जनपद पंचायत पाली के सीईओ को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे। एसडीएम ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन दोनों ही इस प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
Source: Source