छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कूदमुरा बस स्टैंड पर रविवार शाम तेज आंधी-तूफान में एक विशाल बरगद का पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया। इस हादसे में चचिया निवासी राजकुमारी नामक महिला पेड़ के नीचे दब गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। बाद में वन विभाग की टीम भी पहुंची। सभी ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। उसे डायल-112 के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। महिला के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर जर्जर और पुराने पेड़ों की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे पेड़ों से जानमाल का खतरा बना रहता है। फिलहाल, पेड़ को हटाने का काम जारी है।
Source: Source