कोंडागांव में खरीफ सीजन के दौरान खाद की कमी और किसानों की समस्याओं को लेकर किसान कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के निर्देश पर जिला इकाई ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की। जिला अध्यक्ष हीरालाल नेताम ने आरोप लगाया कि किसानों को प्रति एकड़ केवल एक से दो बोरी खाद मिल रही है, जो पर्याप्त नहीं है। संगठन ने कहा कि खाद की कमी और कथित कालाबाजारी से खेती की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। किसानों को समय पर खाद न मिलने से उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है। किसान कांग्रेस ने डीजल की उपलब्धता को भी बड़ा मुद्दा बताया। संगठन का कहना है कि जरीकन में डीजल न मिलने से किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। साथ ही धान खरीदी केंद्रों में अनियमितताओं और घोटालों की जांच की मांग की गई है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की अपील की गई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर कई कांग्रेस और किसान कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source: Source