हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन रजनीश बंसल के घर पर हुई फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच के अनुसार आरोपी अर्जुन पंडित ने करीब 30 हजार रुपये एडवांस लेकर इस वारदात को अंजाम दिया था। बताया गया है कि कुछ रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की गई थी और वारदात के बाद भी गैंग के सदस्य उसे लगातार पैसे पहुंचाते रहे। आरोपी का संबंध नोनी राणा गैंग से बताया जा रहा है और फायरिंग के लिए हथियार भी इसी डील के तहत उपलब्ध कराए गए थे। 15-16 अप्रैल की रात आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर घर पर पर्ची फेंकने के बाद लगभग 18 राउंड फायरिंग की थी। इससे पहले जनवरी 2025 में चेयरमैन को रंगदारी की धमकी भी मिली थी, जिसके बाद यह हमला कराया गया। मामले में पुलिस ने अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य शूटर अर्जुन पंडित, हथियार उपलब्ध कराने वाले और अन्य सहयोगी शामिल हैं। हाल ही में वांटेड आरोपी के परिजनों को भी हिरासत में लिया गया है और जांच के दौरान हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस अब पूरे गैंग नेटवर्क और फंडिंग की कड़ियों की जांच कर रही है।
Source: Source