GST विभाग ने कांगड़ा में टैक्स चोरी और बिना बिल के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की। GST शिमला की टीम ने शुक्रवार को जसूर और डमटाल में चार व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जांच की। जांच के दौरान डुप्लीकेट सिगरेट, तंबाकू उत्पाद और बिना बिल का स्टॉक मिलने की बात सामने आई। यह कार्रवाई GST कमिश्नर उज्ज्वल राणा के निर्देश पर की गई। टीमों ने प्रतिष्ठानों में मौजूद माल, बिल और अन्य दस्तावेजों की जांच की। खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड और स्टॉक का भी मिलान किया गया। जसूर स्थित खिलाड़ी बीड़ी के प्रतिष्ठान पर सिगरेट और तंबाकू उत्पादों की जांच की गई। यहां डुप्लीकेट सिगरेट और बिना बिल का माल मिलने की जानकारी है। डमटाल स्थित विनोद ट्रेडर्स के यहां भी डुप्लीकेट सिगरेट, तंबाकू उत्पाद और बिना बिल का स्टॉक मिला। विभाग अब संदिग्ध स्टॉक के स्रोत और उसकी खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहा है। बिल, ई-वे बिल, खरीद-बिक्री रिकॉर्ड, स्टॉक और GST रिटर्न का मिलान किया जाएगा। यदि टैक्स चोरी या अन्य गड़बड़ी साबित होती है तो टैक्स वसूली, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई हो सकती है। हालांकि, बरामद सिगरेट वास्तव में नकली हैं या नहीं, इसकी अंतिम पुष्टि ब्रांड और तकनीकी जांच के बाद होगी। विभाग के अनुसार फिलहाल जांच जारी है और बरामद स्टॉक की मात्रा, कीमत तथा संभावित टैक्स देनदारी की जानकारी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
Source: Source