छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नांदनमारा बाईपास क्रॉसिंग के पास सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब एक बजे तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे ऋषि कोर्राम और नवीन कुमार यादव को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई और वहीं फंस गई। घटना की सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटाया। बुधवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीण दुर्घटनास्थल पर ओवरब्रिज बनाने, CCTV कैमरे लगाने और पर्याप्त रोशनी के लिए हाईमास्ट लाइट स्थापित करने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान कुछ ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से हाईवे खोदने का प्रयास भी किया, जिससे मौके पर तनाव बढ़ गया। ग्राम सरपंच मनोज कवाची ने कहा कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीण चाहते हैं कि कलेक्टर मौके पर पहुंचकर उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दें। स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात बहाल करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन ग्रामीणों से बातचीत कर रहा है, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने ठोस आश्वासन मिलने तक चक्काजाम समाप्त करने से इनकार किया है।
Source: Source