हरियाणा के करनाल शहर की एक कॉलोनी में 15 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ और उसका पीछा करने का मामला सामने आया है। छात्रा की मां ने पड़ोस में रहने वाले युवक अजय पर परेशान करने और अभद्र बातें कहने का आरोप लगाया है। पीड़िता एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती है। मां के अनुसार, स्कूल के बाद शिक्षिका बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती हैं। आरोप है कि अजय छात्रा के आते-जाते समय उसके साथ छेड़छाड़ करता और उसे परेशान करता था। महिला का कहना है कि उसने युवक को कई बार समझाया, लेकिन उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। शिकायत के मुताबिक, 14 अक्टूबर को महिला काम पर गई हुई थी। घर लौटने पर उसने अपनी बेटी को रोते हुए पाया। छात्रा ने मां को बताया कि उस दिन अजय ने उसके साथ बदतमीजी की, अभद्र बातें कहीं और उसका पीछा किया। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई मीनू रानी को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
Source: Source