हरियाणा के करनाल जिले में तरावड़ी के मेन बाजार स्थित एक किराना स्टोर में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। देर रात अज्ञात चोर दुकान में घुसकर करीब डेढ़ लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। चोर तीसरी मंजिल के रास्ते दुकान में दाखिल हुए थे। उन्होंने ऊपर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घटना से यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले से रेकी की थी। सुबह दुकान मालिक के पहुंचने पर चोरी का पता चला। दुकान का गल्ला टूटा हुआ मिला और सामान बिखरा पड़ा था। जांच में नकदी गायब होने की पुष्टि हुई। दुकान संचालकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दुकानदारों के अनुसार चोर बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देकर गए। आरोपी जाते समय दुकान में लगा सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए। माना जा रहा है कि उन्होंने सबूत मिटाने के इरादे से ऐसा किया। घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
Source: Source