ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के अवसर पर 6 जून को श्री अकाल तख्त में विशेष धार्मिक समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ होगी। इसके बाद सुबह 8 बजे अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज सिख समुदाय को संबोधित करेंगे। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। श्री हरमंदिर साहिब और अकाल तख्त परिसर के आसपास पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। एसजीपीसी ने भी अपने एक हजार से अधिक टास्क फोर्स कर्मियों को ड्यूटी पर लगाया है। ये कर्मी परिसर के भीतर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष नाकाबंदी की गई है। पुलिस वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों की लगातार जांच कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 4000 जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।
Source: Source