पानीपत जिले की इसराना थाना पुलिस ने दो युवकों पर हमला करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला गांव बांध के खेतों का है, जहां दो युवकों का रास्ता रोककर उनके साथ गाली-गलौज की गई। इसके बाद आरोपियों ने दोनों युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास, मुकेश, रविंद्र, रॉकी और मनीष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटना 29 अगस्त को हुई थी। शिकायतकर्ता अमित अपने दोस्त अनिल के साथ प्लॉट में चारपाई पर बैठा था, तभी कुछ युवक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और विवाद करने लगे। दोनों युवक वहां से बचकर खेतों की ओर चले गए, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा किया। खेत में पहुंचने के बाद उनके साथ गाली-गलौज की गई और बाद में कई लोगों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से पीटा। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। परिजनों ने घायल युवकों को इलाज के लिए खानपुर पीजीआई में भर्ती कराया। शिकायत के आधार पर इसराना थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने गुरुवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हमले में इस्तेमाल किए गए पांच डंडे भी बरामद किए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Source: Source