अमेरिका ने सूडान में जारी गृहयुद्ध को बढ़ावा देने के आरोप में भारतीय कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड और उसके सीईओ आलोक चौधरी समेत आठ संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि कंपनी ने सूडानी सशस्त्र बलों को विस्फोटकों की खेप उपलब्ध कराई। इन आरोपों के आधार पर कंपनी और संबंधित संस्थाओं के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। कंपनी प्रबंधन ने सभी आरोपों को निराधार और गलतफहमी पर आधारित बताया है। उनका कहना है कि कंपनी का प्रत्येक कारोबार भारत के लागू कानूनों और सरकारी नियमों के अनुरूप होता है। प्रबंधन ने किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल होने से इनकार किया है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि वह अमेरिकी कार्रवाई के खिलाफ कानूनी अपील करेगी। साथ ही पूरे मामले में अपना पक्ष संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखेगी। इस घटनाक्रम के बाद कंपनी और उसके कारोबार पर संभावित प्रभाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मामले पर आगे की कार्रवाई और जांच पर सभी की नजर बनी हुई है।
Source: Source