पंजाब के अमृतसर जिले के झंडेर इलाके में स्कॉर्पियो सवार एक युवक पर हमला कर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस घटना में युवक की कमर में गोली लग गई। घायल होने के बावजूद युवक खुद गाड़ी चलाकर अपने घर पहुंचा। इसके बाद परिजन उसे अमृतसर के फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना 13 अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे की है। युवक स्कॉर्पियो से अमृतसर जा रहा था। जब वह नया पिंड नहर के पास पहुंचा, तो कई गाड़ियों में सवार लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक के साथ मारपीट की और उनके पास हथियार भी थे। आरोपियों की पहचान हैप्पी माहल, मन्ना, राजकरण, गुरजीत सिंह खैहरा और करम सिंह के रूप में बताई गई है। उनके साथ 10 से 12 अन्य लोग भी मौजूद थे। हमलावरों से बचने के लिए युवक ने अपनी गाड़ी तेज गति से भगाई। इसके बाद आरोपियों ने पीछे से फायरिंग शुरू कर दी और करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली युवक की कमर में जा लगी। झंडेर थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर पांच नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source: Source