अमृतसर स्थित श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पिछले 12 वर्षों में तेजी से विकसित हुआ है। वर्ष 2013-14 में जहां लगभग 10.34 लाख यात्रियों ने यहां से यात्रा की थी, वहीं 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 35.25 लाख से अधिक हो गई। विमान संचालन की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। 15 जून 2026 को यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर एयरपोर्ट प्रशासन कई विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा। एयरपोर्ट पर यात्रियों का तिलक, चॉकलेट और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण और पौधों का वितरण भी किया जाएगा। स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर और ड्राइवरों के लिए नेत्र जांच शिविर आयोजित होंगे। बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता और महिला कर्मचारियों के सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। एयरपोर्ट पर डिजी यात्रा, फ्लाईब्रेरी, बच्चों के प्ले जोन और फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। हाल के वर्षों में रनवे उन्नयन, कार्गो टर्मिनल विकास और बैगेज हैंडलिंग सिस्टम जैसी कई परियोजनाएं पूरी की गई हैं। वर्तमान में यहां से देश के प्रमुख शहरों के अलावा यूनाइटेड किंगडम, खाड़ी देशों और दक्षिण-पूर्व एशिया के कई गंतव्यों के लिए सीधी उड़ानें संचालित हो रही हैं। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि इन पहलों का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करना और समाज के साथ जुड़ाव को मजबूत बनाना है।
Source: Source