छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) में पेपर लीक का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि विश्वविद्यालय के ‘समर्थ पोर्टल’ को हैक कर लिया गया, जिससे परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र कुछ छात्रों तक पहुंच गए। इस पोर्टल का उपयोग प्रवेश, परीक्षा प्रबंधन और छात्रों के दस्तावेजों के लिए किया जाता है। दावा किया जा रहा है कि विश्वविद्यालय के 32 विभागों के प्रश्नपत्र और गोपनीय शैक्षणिक डेटा लीक हुआ है। यदि यह सही हुआ, तो हजारों छात्रों की निजी जानकारी खतरे में पड़ सकती है। मामले की गंभीरता देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने रातों-रात बैठक कर 5 सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई है। कमेटी को 7 दिनों में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि अभी तक पेपर लीक के पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन पोर्टल हैक होने के स्पष्ट संकेत हैं। इस घटना से छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
Source: Source