कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने खनन प्रभावित क्षेत्रों में DMF से चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी, स्कूल और पीडीएस भवनों के निर्माण में कई खामियां पकड़ीं। ग्राम जेंजरा में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के स्लैब में सरिया की गुणवत्ता पर सवाल उठे। संबंधित सब-इंजीनियर ने 8 एमएम सरिया लगाए जाने की जानकारी दी थी। जांच के दौरान कई स्थानों पर 6 एमएम का सरिया मिला। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए पंचनामा और FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित सब-इंजीनियर को निलंबित करने की कार्रवाई के भी निर्देश दिए। जेंजरा के निर्माणाधीन स्कूल भवन में फर्श की टाइल्स भी तय मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं। कलेक्टर ने टाइल्स की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। सलोरा में निर्माणाधीन पीडीएस भवन की नींव भी निर्धारित स्तर से काफी नीचे पाई गई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटघोरा के भवन का काम अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने लंबित फाइलों और उपयोगिता प्रमाण पत्रों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पूरे हो चुके कार्यों के प्रमाण पत्र अनावश्यक रूप से नहीं रोके जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि DMF राशि से होने वाले विकास कार्यों में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
Source: Source