चिरमिरी के बड़ा बाजार में स्थित जिला अस्पताल स्थापना के लगभग दो वर्षों में कई उपलब्धियां हासिल कर चुका है। अब इस अस्पताल में मरीजों के बेहतर इलाज के लिए सीटी स्कैन और डायलिसिस की सुविधा शुरू होने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश के बाद यह सुविधा शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। अस्पताल के सीएस डॉ. राजेंद्र कुमार राय ने बताया कि मरीजों का डायलिसिस पूरी तरह निशुल्क होगा। इससे किडनी रोगियों को डायलिसिस के लिए दूसरे शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सीटी स्कैन की सुविधा से गंभीर बीमारियों और दुर्घटना मामलों का शीघ्र निदान संभव हो सकेगा। सीटी स्कैन के लिए शासन द्वारा निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी चल रहा है। ऑपरेशन थिएटर तैयार होने पर विभिन्न प्रकार की सर्जरी स्थानीय स्तर पर की जा सकेगी। इससे आपात स्थिति में मरीजों को जल्द और सस्ता इलाज मिल सकेगा। 200 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में वर्तमान में 25 डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। इनमें 12 विशेषज्ञ डॉक्टर और 13 एमबीबीएस डॉक्टर शामिल हैं।
Source: Source