पंजाब के लुधियाना में जनगणना के दौरान एक टीचर के साथ मारपीट, बदसलूकी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। टीचर हाउस लिस्टिंग के दौरान मकान पर नंबर लगा रहा जिसे लेकर मकान मालिक के बेटे ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। सरकारी प्राइमरी स्कूल कुलिएवाल के टीचर नरिंदर सिंह ने चीमा कॉलोनी में जनगणना ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना की शिकायत जिला प्रशासन को दे दी है। टीचर ने प्रशासन को साफ कह दिया कि जब तक उसके साथ बदसलूकी करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती तब तक वो जनगणना ड्यूटी नहीं करेंगे। नरिंदर सिंह का कहना है कि इस घटना के बाद से जनगणना ड्यूटी में लगे अन्य कर्मचारियों, खासकर महिला शिक्षिकाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। नरिंदर सिंह का कहना है कि अगर प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ सख्त एक्शन नहीं लिया तो कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी। टीचर नरिंदर सिंह ने प्रशासन को लिखे पत्र में लगाए ये आरोप लगाए हैं, जानिए.. घर के सामने शेड का सर्वे कर रहा था टीचर नरिंदर सिंह ने बताया कि वो चीमा कॉलोनी में हाउस लिस्टिंग का काम कर रहे थे। गली में एक किनारे से काम शुरू किया और दूसरे किनारे तक पहुंचा। सामने की तरफ नंबर लगाते हुए अमर सिंह के घर के सामने पहुंचा तो वहां पर एक गेटेड प्लाट था। जिस पर शेड बना हुआ था। उन्होंने बताया कि वो शेड के अंदर देखने लगे कि वहां कोई कमरा तो नहीं है और वहां कोई रहता तो नहीं। जिस पर अमर सिंह के बेटे ने उनके साथ पहले गाली ग्लौच किया और फिर रजिस्टर खींच लिया। उन्होंने बताया कि वो उसके पित को कहते रहे लेकिन उसके पिता भी गेट पर मूक दर्शक बने रहे। एडीसी ने बुधवार को की थी बैठक एडिशनल डिप्टी कमिश्नर जनरल पूनम सिंह ने बुधवार को अफसरों के साथ बैठक की और कर्मचारियों को आ रही दिक्कतों तुरंत दूर करने के निर्देश दिए थे। दरअसल प्रशासन के पास लगातार जनगणना ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों के साथ लोगों के व्यवहार को लेकर शिकायतें आ रही हैं। कर्मचारियों को आ रही दिक्कतों के कारण नगर निगम के सहायक कमिश्नर को लोगें से यह अपील करनी पड़ी कि वो कर्मचारियों के साथ बदसलूकी न करें। ये कर्मचारी भी आपके परिवार के ही लोग हैं।
Source: Source