जालंधर में नीट पेपर रदद मामले में जिला कांग्रेस यूथ प्रधान लक्की संधू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले 5 वर्षों में देश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर था। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने में केंद्रीय मंत्री पूरी तरह से नाकाम रहे हैं। ऐसे में उन्हें अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ यूथ प्रधान लक्की संधू ने मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि पिछले 5 वर्षों का रिकॉर्ड उठाकर देख लिया जाए, तो देश में कई बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सरकार हर बार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन हकीकत में इन धांधलियों को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। लक्की संधू ने आगे कहा कि देश के लाखों बच्चे दिन-रात एक करके, अपनी सुख-चैन छोड़कर इन परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उनके माता-पिता अपनी गाढ़ी कमाई बच्चों की पढ़ाई में लगा देते हैं। लेकिन जब ऐन वक्त पर पेपर लीक हो जाता है या परीक्षा रद्द कर दी जाती है, तो इन मेहनती छात्रों के सपनों और उनकी सालों की मेहनत पर पानी फिर जाता है। यह सीधे तौर पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। जांच एजेंसियों की विश्वसनीयता पर उठाए सवाल कांग्रेस नेता ने इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि चूंकि सीबीआई (CBI) जैसी बड़ी जांच एजेंसियां भी केंद्र सरकार के इशारे और उनके अधीन रहकर काम करती हैं, इसलिए इस बात की संभावना बेहद कम है कि मामले की तह तक जाकर असली दोषियों को पकड़ा जाएगा। उन्होंने अंदेशा जताया कि हर बार की तरह इस बार भी मुख्य साजिशकर्ताओं को बचाने का प्रयास किया जा सकता है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि वे छात्रों के हक की इस लड़ाई को पीछे नहीं छोड़ेंगे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि इस पूरे घोटाले के पीछे जो भी बड़े चेहरे या शिक्षा माफिया शामिल हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी सजा दी जाए। इसके साथ ही पीड़ित विद्यार्थियों को मानसिक प्रताड़ना से बचाने के लिए जल्द से जल्द पारदर्शी तरीके से न्याय दिलाने की मांग भी की गई है।
Source: Source