सोनीपत के रिढाऊ गांव में कोर्ट में गवाही देने से नाराज कुछ बदमाशों ने एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट की, तोड़फोड़ की और चाकू से हमला किया। पुलिस ने इस मामले में करीब 15 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित जसवीर ने पुलिस को बताया कि 14 मई 2026 को उनकी कोर्ट में संतोष बनाम सरकार मामले में गवाही थी। उन्हें गवाही न देने के लिए पहले से धमकियां मिल रही थीं। गवाही के बाद आरोपी सतपाल, ज्योति और संतोष ने उन्हें देख लेने की धमकी दी थी। शीशे का गेट तोड़ा जसवीर के अनुसार, 25 मई की रात करीब 9 बजे अनिल उर्फ सेठी ने फोन पर धमकी दी और कुछ ही देर में अपने 13-14 साथियों के साथ उनके घर (बैठक) पर हमला कर दिया। हमलावरों में मुकेश, दिनेश, रितेश, रोहित, सागर, सुमित, आर्यन, समरजीत और अन्य लोग शामिल थे। उन्होंने बैठक के शीशे वाले गेट तोड़ दिए। पड़ोसियों के आने पर फरार हुए हमलावर आरोप है कि आरोपी अनिल उर्फ सेठी ने जसवीर पर रिवॉल्वर तान दी, जबकि मुकेश ने उनकी सोने की चेन तोड़ ली। आर्यन ने उनके हाथ पर चाकू से वार किया और अन्य बदमाशों ने रबर की बेल्ट से उनके सिर व कान पर हमला किया। पड़ोसियों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल जसवीर को पहले खरखौदा के सरकारी अस्पताल (CHC) ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रोहतक PGI रेफर कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source: Source