सोनीपत जिले के फिरोजपुर बांगर गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में दो फैक्ट्रियों को निशाना बनाया। चोरों ने ताले तोड़कर लाखों रुपये का कीमती सामान, बिजली के तार, लैपटॉप, मोबाइल और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चुरा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिल्ली के रोहिणी निवासी संतोष कुमार ने बताया कि फिरोजपुर बांगर गांव में उनकी ‘बैलेनो पेंट्स केमिकल्स इंडिया’ नाम से फैक्ट्री है। इसके ठीक पड़ोस में सनद राय की ‘नेवी पॉलीमर्स’ फैक्ट्री स्थित है। 25 और 26 मई 2026 की दरमियानी रात को चोरों ने दोनों फैक्ट्रियों के मुख्य ताले तोड़े। चोरी का खुलासा तब हुआ जब सुबह फैक्ट्री स्टाफ काम पर पहुंचा। डीवीआर भी ले गए चोर संतोष कुमार की फैक्ट्री से चोरों ने भारी मात्रा में कीमती बिजली के तार, तारों के बंडल, कैमरे, वाई-फाई राउटर और एमसीबी चुराए। अपनी पहचान छिपाने के लिए चोर सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी ले गए। ‘नेवी पॉलीमर्स’ फैक्ट्री से बिजली के तार, एक लैपटॉप और एक रेडमी मोबाइल फोन चोरी हुआ है। सूचना मिलने पर सैदपुर पुलिस चौकी से एएसआई मनोज कुमार की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सैदपुर चौकी इंचार्ज के अनुसार, BNS की धारा 305 और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। चोरों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है।
Source: Source