फतेहाबाद जिले में थाना शहर रतिया पुलिस ने 7.37 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में तीन आरोपियों को नामजद किया है। इनमें से दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य सप्लायर को भी मामले में शामिल किया गया है। थाना शहर रतिया प्रभारी महिला निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि एएसआई महेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ बुढलाडा रोड क्षेत्र में गश्त पर थे। घग्गर नदी पुल के पास पुलिस टीम ने एक बाइक के पास खड़े दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा। शक के आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया। इस दौरान एक युवक ने अपने हाथ में लिया हुआ पॉलीथिन पाउच नदी की तरफ फेंक दिया। पुलिस ने मौके पर पाउच को कब्जे में लेकर जांच की तो उसमें सफेद रंग का नशीला पदार्थ मिला। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान रतिया की गुरुनानक कॉलोनी निवासी मान सिंह उर्फ गैरी और कलर कॉलोनी निवासी खुशप्रीत उर्फ खुशा के रूप में बताई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस आरोपियों ने बरामद पदार्थ को हेरोइन होना स्वीकार किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि यह हेरोइन उन्हें रतिया के वार्ड नंबर 12 निवासी अशोक ने सप्लाई की थी। इसके बाद पुलिस ने अशोक को भी मामले में नामजद कर लिया है। पुलिस द्वारा इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर बरामद हेरोइन का वजन 7.37 ग्राम पाया गया। पुलिस ने हेरोइन और बाइक को जब्त कर लिया है। थाना शहर रतिया में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
Source: Source