छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में देर रात ढाबे पर तीन छात्रों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। मामूली बात पर घूरने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 6-7 युवकों ने लाठी, डंडे और पाइप से छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पूरी घटना ढाबे के सीसीटीवी में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायल छात्रों में हर्ष पटेल, आदित्य साहू और आदित्य मुदलियार शामिल हैं। मुख्य आरोपी सुमीत यादव ने घूरने का आरोप लगाकर पहले गाली-गलौज की और फिर साथियों को बुलाकर हमला किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुख्य आरोपी को ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से लोहे का चाकू भी बरामद हुआ। इसके अलावा तीन अन्य लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का दबाव बनाने की कोशिश की, जिन्हें भी हिरासत में लिया गया। ढाबा संचालक राजकुमार पमनानी ने अपनी पहचान का हवाला देकर कार्रवाई में बाधा डालनी चाही। पुलिस ने सभी पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। मुख्य आरोपी सुमीत को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
Source: Source