पंजाब के लुधियाना में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पांच लड़कियों और युवतियों के लापता होने के मामले सामने आए हैं। कई मामलों में परिवारों ने युवकों पर शादी का झांसा देकर भगाने के आरोप लगाए हैं। वहीं कुछ मामलों में अपहरण और गलत इरादे से छिपाकर रखने की आशंका जताई गई है। थाना बस्ती जोधेवाल क्षेत्र से 16 वर्षीय लड़की के अचानक गायब होने का मामला दर्ज किया गया है। परिवार को शक है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे अपने कब्जे में रखा हुआ है। साहनेवाल इलाके में एक नाबालिग लड़की को कथित तौर पर शादी का झांसा देकर भगाने का आरोप सूरज नामक युवक पर लगा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना हैबोवाल क्षेत्र से 11 वर्षीय बच्ची के लापता होने से परिवार में दहशत का माहौल है। परिजनों ने बच्ची के अपहरण की आशंका जताई है। वहीं डिवीजन नंबर 8 इलाके में सिलाई सेंटर गई 22 वर्षीय युवती संदिग्ध हालात में गायब हो गई। परिवार का आरोप है कि एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। फोकल प्वाइंट इलाके से भी एक किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। परिवार को शक है कि किसी युवक ने शादी का झांसा देकर उसे भगाया है। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर अलग-अलग टीमें गठित की हैं। अधिकारियों का कहना है कि लापता लड़कियों और युवतियों की तलाश गंभीरता से की जा रही है।
Source: Source