गुरुग्राम के डीएलएफ फेज 3 इलाके में सोमवार देर रात यू-55/22 नंबर के एक मकान में भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार, मकान के बाहर लगे 2 बिजली के मीटरों में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें नीचे खड़ी गाड़ियों तक पहुंच गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। आग की चपेट में आने से कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना के बाद इलाके में घना धुआं फैल गया। फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, आग से लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण बिजली के मीटरों में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके के लोगों ने बिजली व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर चिंता व्यक्त की है।
Source: Source