भास्कर न्यूज | अमृतसर कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा के होली सिटी स्थित घर पर फायरिंग को अफवाह बताने के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। वहीं साइबर सेल उन सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कर रही है जिन्होंने सबसे पहले फायरिंग की अफवाह को वायरल किया। एसीपी कमलजीत सिंह औलख ने कहा कि शुरुआती जांच में गोली चलने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं, लेकिन किसी ने गोली की आवाज नहीं सुनी। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने सख्त लहजे में कहा कि कुछ गैर-जिम्मेदार लोग सोशल मीडिया पर अफवाहें फैला रहे हैं। अमृतसर का माहौल पूरी तरह शांत है। लोग केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। इस कथित हमले को कपिल के कनाडा वाले कैप्स कैफे से जोड़कर देखा जा रहा है। ब्रिटिश कोलंबिया के सरे स्थित इस कैफे पर साल 2025 में तीन हमले हुए थे। शहर की सबसे पॉश कॉलोनियों में शुमार होली सिटी में सुरक्षा व्यस्था के लिए सिक्योरिटी एजेंसी तारा सिक्योरिटी के हवाले की गई है लेकिन यहां पर सिर्फ 6 गार्ड तैनात किए गए हैं। 2 सुरक्षा गार्ड मुख्यद्वार पर और एक गार्ड गुमटाला बाइपास की ओर से आने वाले गेट पर खड़ा किया जाता है। यह ड्यूटी सुबह और शाम की शिफ्ट में की जाती है। जब इस संबंध में सिक्योरिटी एजेंसी के मालिक गुरमीत सिंह से बात की गई कि इतनी बड़ी कॉलोनी की सुरक्षा 3-3 गार्डों के भरोसे क्यों हैं, कॉलोनी में आने जाने वालों का रिकार्ड क्यों नहीं रखा जाता तो उनका साफ कहना था कि यहां रहने वाले लोगों ने खुद अपने गार्ड रखे हुए हैं। इसलिए अधिक गार्डों को तैनात नहीं किया गया। होली सिटी में कॉमेडियन कपिल शर्मा का घर। गार्ड से पूछताछ करती पुलिस। लाल घेरे में गोली का निशान ।
Source: Source