हरियाणा के भिवानी जिले के तोशाम विधानसभा क्षेत्र में लंबित चुनावी नोटिसों के निपटारे का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत यह कार्य किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में अभियान को संचालित किया गया। तोशाम में इस कार्य की जिम्मेदारी एसडीएम एवं पंजीयन अधिकारी संदीप कुमार ने संभाली। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र में कुल 35,797 नोटिसों से संबंधित कार्य लंबित था। टीम ने निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी नोटिसों के निपटारे का लक्ष्य हासिल किया। इसके साथ ही तोशाम विधानसभा क्षेत्र भिवानी जिले में यह कार्य पूरा करने वाला पहला क्षेत्र बन गया। इस उपलब्धि में एईआरओ, सुपरवाइजर, बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और निर्वाचन कार्य में जुटे अन्य कर्मचारियों ने योगदान दिया। एमपीएचडब्ल्यू मोहित, सचिन और ईश्वर सहित टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी तालमेल, मेहनत और समर्पण के साथ अभियान को पूरा किया। एसडीएम संदीप कुमार ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है। उन्होंने टीम को भविष्य में भी निर्वाचन संबंधी कार्य निर्धारित समयसीमा और तय मानकों के अनुसार पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
Source: Source