छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल में वन्यजीवों की बढ़ती आमद से लोगों की चिंता बढ़ रही है। दशहरे की रात गौरेला के बांधामुड़ा के पास एक भालू पहुंच गया। भालू काफी देर तक एक पेड़ पर चढ़ा रहा। भीड़भाड़ वाले इलाके में भालू को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। उसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले लोगों को सतर्क किया और भालू से दूर रहने को कहा। इसके बाद वनकर्मियों ने सावधानी बरतते हुए भालू को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद भालू को जंगल की तरफ भेज दिया गया। दशहरे के दौरान इलाके में भालू की मौजूदगी से लोगों में डर का माहौल बना रहा। वन विभाग की कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित किया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। वन्यजीवों की रिहायशी इलाकों में आमद स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
Source: Source