हरियाणा के पलवल में एक रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने का मामला सामने आया है। आरोपी ने बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर बुजुर्ग को बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने अपने झांसे में लिया। पीड़ित की पहचान रायदासका गांव निवासी बुजुर्ग मंगल के रूप में हुई है, जो भारतीय रेलवे से सेवानिवृत्त हैं। वह रेलवे पास बनवाने के लिए ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के कार्यालय गए थे, लेकिन उनका पास नहीं बन सका। इसके बाद वह ऑटो से बल्लभगढ़ बस स्टैंड पहुंचे और गांव जाने के लिए सवारी का इंतजार करने लगे। दोपहर करीब डेढ़ बजे एक अज्ञात बाइक सवार ने उनसे बातचीत की और गांव छोड़ने की बात कहकर उन्हें बाइक पर बैठा लिया। नेशनल हाईवे-19 पर गदपुरी टोल के पास आरोपी ने उन्हें कोल्डड्रिंक पिलाई। इसके बाद बाइक से पलवल की ओर जाते समय पृथला रेलवे क्रॉसिंग के पास बुजुर्ग बेहोश हो गए। आरोपी उन्हें हनुमान मंदिर के पास छोड़कर उनकी जेब से 12 से 13 हजार रुपये, रेलवे पास, जरूरी कागजात, पहचान पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड लेकर फरार हो गया। एक राहगीर ने बुजुर्ग को बेहोश देखकर एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पलवल पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और बाद में उन्हें उपचार के लिए फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में ले गए। पीड़ित की शिकायत पर गदपुरी थाना क्षेत्र की बघौला चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी बुजुर्ग को बाइक पर ले जाता दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।
Source: Source