छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक पिता पर अपनी छह महीने की मासूम बेटी को जमीन पर पटकने का आरोप लगा है। घटना कोटा थाना क्षेत्र की बीएसयूपी कॉलोनी से जुड़ी है। बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई है और उसे एम्स में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टर वेंटिलेटर पर इलाज कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, बच्ची के माता-पिता के बीच पत्नी के मायके जाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी की उम्र करीब 20 साल बताई गई है। वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ बीएसयूपी कॉलोनी में रहता था। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होते रहे थे। 14 अक्टूबर को पत्नी अपने मायके चली गई थी। इसके बाद आरोपी रात में उसे वापस घर लाने के लिए ससुराल पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच फिर से कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में पिता ने बच्ची को उठाकर दो बार जमीन पर पटक दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी और तबीयत बिगड़ गई। बच्ची की मां उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से गंभीर हालत के कारण एम्स रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपनी बेटी की हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बच्ची का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं।
Source: Source