छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में शारदीय नवरात्र की महानवमी पर एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना मां महामाया मंदिर के सामने स्थित छठ घाट पर हुई। मृतक की पहचान इरशाद आलम के रूप में हुई है, जो झारखंड के डाल्टनगंज स्थित बंदूवा से अपने परिजनों के साथ गुब्बारे बेचने आया था। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे तक बच्चे रामानुजगंज में गुब्बारे बेच रहे थे। इसके बाद इरशाद समेत तीन बच्चे नहाने के लिए छठ घाट पहुंच गए। दोपहर करीब एक बजे नहाते समय इरशाद गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दो अन्य बच्चों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलने के बाद बालक की तलाश शुरू की गई। स्थानीय लोगों को दोपहर करीब तीन बजे घटना की जानकारी मिली और पुलिस अधीक्षक को सूचित किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जबकि स्थानीय युवक पहले से ही तलाश में जुटे थे। काफी प्रयास के बाद शाम करीब 3:20 बजे इरशाद का शव पानी से बाहर निकाला गया। नवरात्र के अंतिम दिन मंदिर और घाट पर श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक छा गया। रोजी-रोटी के लिए गुब्बारे बेचने आए परिवार पर बेटे की मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source: Source