हिमाचल प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। महानवमी के अवसर पर सोमवार सुबह से ही मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन, भंडारे और कन्या पूजन का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना कर नवरात्र पर्व का समापन कर रहे हैं। नवरात्र के पहले आठ दिनों में प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में 5.50 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। अष्टमी के दिन रविवार को सात प्रमुख मंदिरों में 1 लाख 23 हजार 700 से अधिक भक्तों ने माथा टेका। ज्वालामुखी मंदिर में सबसे अधिक 31 हजार श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। त्रिलोकपुर स्थित माता बालासुंदरी मंदिर में 30 हजार भक्तों ने पूजा-अर्चना की। चिंतपूर्णी मंदिर में 18,500, श्री नैना देवी मंदिर में 15,200 और ब्रजेश्वरी मंदिर में 14,500 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। चामुंडा देवी मंदिर में 11 हजार और बगलामुखी मंदिर में 3,500 श्रद्धालु पहुंचे। हिमाचल के मंदिरों में स्थानीय भक्तों के साथ पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। पंजाब और चंडीगढ़ के श्रद्धालु मुख्य रूप से नैना देवी, चिंतपूर्णी और ज्वालामुखी मंदिर पहुंच रहे हैं। वहीं, हरियाणा से आने वाले भक्तों की संख्या माता बालासुंदरी मंदिर में अधिक है। पश्चिम बंगाल के कई श्रद्धालु शिमला स्थित कालीबाड़ी मंदिर में दर्शन कर रहे हैं। महानवमी पर मंदिर परिसरों में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।
Source: Source