हरियाणा के हिसार जिले के आदमपुर में 12 वर्षीय दैविक गोयल की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त के पिता गौतम सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हथियार रखने में लापरवाही बरतने का आरोप है। पुलिस ने मामले में पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए हैं। हालांकि, जारी प्रेस नोट में बरामद हथियार और कारतूस की सटीक संख्या नहीं बताई गई है। मामले में शामिल नाबालिग लड़के को पहले ही फरीदाबाद के बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गौतम सिंह को अदालत में पेश किया जाएगा। दैविक के पिता रवि गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में घटना की जानकारी दी थी। उनके मुताबिक, 12 वर्षीय दैविक 13 अक्टूबर 2026 की शाम अपने दोस्त के घर स्कूल टूर की पैकिंग करने गया था। इसी दौरान उसे गोली लग गई। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान हथियार रखने में कथित लापरवाही को लेकर दोस्त के पिता के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
Source: Source