पंजाब के गुरदासपुर में डिप्टी कमिश्नर (DC) कार्यालय पर ग्रेनेड हमले का दावा करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। वायरल वीडियो में दावा किया गया था कि गैंगस्टर निशान जोड़ियां के कहने पर DC कार्यालय में ग्रेनेड फेंका गया। हालांकि, पुलिस जांच में यह दावा झूठा और अफवाह साबित हुआ। एसएसपी आदित्य के नेतृत्व में भारी पुलिस बल DC कार्यालय पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर और आसपास के इलाके की गहन तलाशी ली गई। जांच अभियान में डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल स्क्वॉड की मदद भी ली गई। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने ग्रेनेड हमले की खबर को खारिज कर दिया। एसएसपी ने कहा कि इस तरह की अफवाहों का उद्देश्य लोगों में दहशत फैलाना और पंजाब का शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ना हो सकता है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपुष्ट दावों पर भरोसा नहीं करने की अपील की। पुलिस अब फर्जी वीडियो फैलाने वालों की पहचान करने में जुटी है।
Source: Source