हरियाणा के हिसार जिले के मंडी आदमपुर में 12 वर्षीय दैविक गोयल की गोली लगने से मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। आदमपुर थाना पुलिस ने लापरवाही से हथियार रखने के आरोप में उसके दोस्त के पिता गौतम सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए हैं। मामले में शामिल नाबालिग छात्र को पहले ही फरीदाबाद के बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है। घटना 13 अक्टूबर की शाम मंडी आदमपुर की शिव कॉलोनी में हुई थी। दैविक अपने सहपाठी के घर स्कूल के शिमला टूर की पैकिंग में मदद करने गया था। इसी दौरान घर में रखी पिस्तौल से अचानक गोली चल गई, जो दैविक को लगी। गोली लगने के बाद परिजनों को सूचना दी गई और उसे हिसार के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दैविक के पिता रवि गोयल की शिकायत पर पुलिस ने हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के समय दोस्त, उसका भाई और मां घर पर मौजूद थे। पुलिस की सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट जुटाए थे। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
Source: Source