हरियाणा के हिसार में साइबर ठगों ने शादी का झांसा देकर भारतीय सेना के एक जवान से करीब 7 लाख रुपये ठग लिए। तमिलनाडु निवासी 32 वर्षीय जवान धनराज हिसार मिलिट्री कैंट में तैनात हैं। उन्होंने करीब डेढ़ महीने पहले संगम मैट्रीमोनियल ऐप डाउनलोड किया था। इसके बाद विदेशी नंबर से उन्हें व्हाट्सऐप पर संदेश मिला। युवती ने अपना नाम सारान्या बताया और खुद को ब्रिटेन के ग्रीनिच का निवासी बताया। बातचीत बढ़ने पर दोनों परिवारों ने कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए शादी के लिए सहमति जताई। जवान ने 2 नवंबर को चेन्नई आकर शादी की तारीख तय करने की बात कही थी। आरोप है कि इसके बाद युवती ने शादी के खर्च का हवाला देकर साथ में ट्रेडिंग करने का सुझाव दिया। उसने जवान को लूनो एक्सचेंज नाम के कथित ऐप का लिंक भेजा और उसे एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा। ग्रुप में पीटर विलियम्स नाम का एडमिन ट्रेडिंग के निर्देश देता था। शुरुआत में 10 हजार और 20 हजार रुपये निवेश करने पर जवान को मुनाफा दिखाया गया और रकम निकालने भी दी गई। इससे भरोसा होने पर जवान ने 10 से 21 सितंबर के बीच अपने खाते से 3,31,760 रुपये और साथी सैनिक सर्वेश बरन के खाते से करीब 3 लाख रुपये ट्रांसफर किए। ऐप पर 53,093 यूएसडीटी यानी लगभग 50.43 लाख रुपये का बैलेंस दिखा, लेकिन रकम निकालने की कोशिश नाकाम रही। इसके बाद सारान्या और पीटर ने कथित तौर पर और पैसे मांगे, जिससे जवान को ठगी का शक हुआ। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4) और 61 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source: Source