हरियाणा के पानीपत में खड़े वाहनों से बैटरियां चोरी करने वाले गिरोह की गतिविधियां सामने आई हैं। पिछले 15 दिनों में चोरी की दो घटनाओं में 16 वाहनों से कुल 24 बैटरियां चोरी हुई हैं। इनमें छह बसें, दो हाइड्रा क्रेन, छह ट्रैक्टर, एक जेसीबी और एक ट्रक शामिल हैं। पहली घटना सेक्टर-6 के संत नगर में जीटी रोड स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी की पार्किंग में हुई। कंपनी के मालिक तेजपाल सिंह ने करीब 3400 वर्ग गज का प्लॉट बसों की पार्किंग और वर्कशॉप के लिए लिया हुआ है। वहां उनकी छह बसें और परिचित अतर सिंह की दो हाइड्रा क्रेन खड़ी थीं। शिकायत के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात ड्राइवर वाहन खड़े करके प्लॉट के कमरों में सो गए थे। 11 अक्टूबर की सुबह करीब चार बजे एक ड्राइवर ने मुख्य गेट का ताला टूटा और गेट खुला पाया। जांच में छह बसों और दो क्रेन से कुल 15 बैटरियां गायब मिलीं। इस मामले में सेक्टर 13/17 थाना पुलिस ने 14 अक्टूबर को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। दूसरी घटना तहसील कैंप थाना क्षेत्र में बिल्डिंग मैटेरियल के स्टॉक पर हुई। मनोज कुमार के अनुसार, वहां छह ट्रैक्टर, एक जेसीबी और एक ट्रक खड़े थे। एक अक्टूबर की सुबह ड्राइवर बंटू ने वाहनों से बैटरियां गायब होने की सूचना दी। जांच में कुल नौ बैटरियां चोरी होने का पता चला। मनोज कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। दोनों घटनाओं में चोरों ने एक ही परिसर में खड़े कई वाहनों को निशाना बनाया और सुबह ड्राइवरों के पहुंचने पर चोरी का पता चला।
Source: Source